
देहरादून। उत्तराखंड सामाजिक सम्मान सेवा ट्रस्ट द्वारा नैशनल एसोसिएशन फॉर पैरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स (NAPSAR) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ खान को ‘देवभूमि विभूति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और अभिभावक–विद्यार्थी अधिकारों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि आरिफ खान ने अपने संगठन के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में लगातार हो रही फीस वृद्धि, एक ही दुकान से ड्रेस और किताबें खरीदने की अनिवार्यता जैसी व्यवस्थाओं का विरोध किया है। उन्होंने इस मुद्दे पर जनजागरूकता अभियान चलाकर अभिभावकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया।
निःशुल्क बुक बैंक की पहल
आरिफ खान द्वारा जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए निःशुल्क बुक बैंक की स्थापना भी की गई है। इस पहल के तहत बच्चों को मुफ्त में किताबें, कॉपियां और स्कूल ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है, जिससे कई परिवारों को राहत मिली है।
स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर भी नियुक्त
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने भी आरिफ खान को स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया है। स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके कार्यों को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू वर्मा और कोषाध्यक्ष रुद्रपाल सिंह ने आरिफ खान को स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि महासचिव राकेश शर्मा और उपाध्यक्ष राकेश कुमार भट्ट ने उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया।
समारोह में मौजूद लोगों ने शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।



