
चारधाम यात्रा 2026 : उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो रहे हैं। पर्यटन विभाग ने इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। श्रद्धालु सुबह 7 बजे से आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होगी। इसके तहत 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
पर्यटन विभाग के अनुसार श्रद्धालु छह मार्च से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in और मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने हेल्पलाइन व्यवस्था भी की है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं।



