अपराधउत्तराखंड

मारपीट के विरोध में कीर्तिनगर बाजार बंद, व्यापारियों ने एसडीएम कार्यालय व कोतवाली का किया घेराव

कीर्तिनगर: होली के दिन हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। इस दौरान व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास कीर्तिनगर नैथाना के कुछ युवकों ने बाजार के व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हो गए।

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नगर में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण और होली के दिन हुई मारपीट के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों को उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कोतवाली का भी किया घेराव

इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर भी पहुंचे, जहां उन्होंने होली के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात न होने और क्षेत्र में अराजकता का माहौल बनने पर नाराजगी जताई। साथ ही मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button