बदरीनाथ हाईवे पर 20 मीटर सड़क ध्वस्त, बदरीनाथ-हेमकुंड साहिब की यात्रा प्रभावित

चमोली: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच बदरीनाथ हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया है। हाईवे पर हाथी पहाड़ के पास करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त हो गई है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थ यात्रा भी रुक गई है।
बताया जा रहा है कि हाईवे पर इस स्थान पर सड़क कई जगह से धंस गई है, जिससे आवाजाही में परेशानी बढ़ गई है। वहीं, मारवाड़ी चौकी के आगे क्रशर के पास हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आने की भी सूचना है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले तीर्थ यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें हाईवे को सुचारु करने के लिए प्रयास कर रही हैं। लगातार बारिश के बीच सड़क की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



