महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला फूंका

देहरादून: देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में चीनी की पुड़िया से बनी माला पहनकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। वहीं, कुछ महिलाओं ने प्याज की माला पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की मांग उठाई।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा ने कहा कि चीनी की कीमत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इसके दामों पर नियंत्रण नहीं लगा पा रही है। इसी तरह सब्जियों, दालों और खाद्य तेल की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी के लिए गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी को कोई भी जरूरी वस्तु सस्ती दर पर नहीं मिल रही है। उर्मिला थापा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान जब किसी वस्तु के दाम एक या दो रुपये बढ़ते थे तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर बैठकर विरोध करते थे, लेकिन अब खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में 30 से 40 रुपये तक की वृद्धि हो रही है। इससे आम आदमी का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है।



