
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जंगल के अंदर मिला शव
पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रेमनगर थाने को सूचना मिली कि बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल के अंदर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एसएसपी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
एसएसपी के निर्देश पर महिला की पहचान और मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
संदिग्ध मानकर जांच कर रही पुलिस
पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।



