उत्तराखंड

उत्तराखंड में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण शुरू, 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्य के लगभग 79.76 लाख मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) तैयार कर सभी जिलों को भेज दिए हैं। 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण करेंगे और भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे।

 

निर्वाचन विभाग के अनुसार, 8 जून से 7 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण किया जाएगा। इसके बाद 7 जुलाई को मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा। 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होगा, जिस पर 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

 

विभाग की ओर से बताया गया है कि 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच जिन प्रपत्रों में दी गई जानकारी पर निर्वाचन अधिकारी संतुष्ट नहीं होंगे, संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

 

गणना प्रपत्र में देनी होगी यह जानकारी

 

गणना प्रपत्र पर मतदाता का वर्तमान EPIC नंबर, नाम, पता, मतदान केंद्र संबंधी जानकारी और QR कोड पहले से मुद्रित रहेगा। मतदाता को अपने पुराने मतदाता सूची विवरण, परिवार के सदस्य की जानकारी, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, माता-पिता या पति-पत्नी का नाम और उनके EPIC नंबर दर्ज करने होंगे।

 

आधार नंबर देना वैकल्पिक रखा गया है। मतदाता को अपनी नवीनतम फोटो लगाकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म BLO को जमा करना होगा। निर्वाचन विभाग फॉर्म को ऑनलाइन भी उपलब्ध कराएगा, जिसे डाउनलोड कर भरकर जमा किया जा सकेगा।

 

निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button