उत्तराखंड में कल घोषित होंगी नई बिजली दरें, 1 अप्रैल से होंगी लागू

उत्तराखंड। उत्तराखंड में अगले वित्तीय वर्ष के लिए बिजली की नई दरों की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग दरों का ऐलान करेगा, जो 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी।
इस वर्ष प्रदेश की तीनों ऊर्जा निगमों— उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL), उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (UJVNL) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PITCUL) — ने मिलकर आयोग से 18.50 प्रतिशत तक बिजली दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है।
चार जिलों में हुई जनसुनवाई
ऊर्जा निगमों के प्रस्ताव पर आयोग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जनसुनवाई आयोजित की थी।
18 फरवरी — कर्णप्रयाग
20 फरवरी — मुनस्यारी
23 फरवरी — रुद्रपुर
27 फरवरी — देहरादून
जनसुनवाई के दौरान उपभोक्ताओं, उद्योग प्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
चुनावी वर्ष में बढ़ी चुनौती
चुनावी वर्ष होने के कारण बिजली दरों को लेकर आयोग के सामने संतुलित निर्णय लेने की चुनौती मानी जा रही है। दरों में संभावित बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
आयोग के सचिव नीरज सती ने बताया कि नई दरों की औपचारिक घोषणा मंगलवार को की जाएगी और ये 1 अप्रैल से सभी उपभोक्ता श्रेणियों पर लागू होंगी।
अब प्रदेशवासियों की नजर इस बात पर टिकी है कि आयोग ऊर्जा निगमों के प्रस्ताव को किस हद तक स्वीकार करता है और उपभोक्ताओं को कितनी राहत या बोझ मिलता है।



