
गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को सदन में बजट पर विस्तृत चर्चा हुई। सत्ता पक्ष ने बजट को विकसित उत्तराखंड 2047 के संकल्प को मजबूत करने वाला और सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बताया, जबकि विपक्ष ने इसे निराशाजनक बताते हुए कहा कि इसमें आम जनता के लिए खास प्रावधान नहीं हैं।
गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र देर रात 12:30 बजे तक चला। चर्चा के बाद धामी सरकार ने 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पारित करा लिया। इसके साथ ही विधानसभा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
सीएम धामी ने पेश किया था बजट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह पहली बार था जब मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री के रूप में स्वयं सदन में बजट पेश किया।
सरकार ने इस बजट को आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया है।
बजट के आकार में 10.41 प्रतिशत की वृद्धि
वर्तमान वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार बजट के आकार में 10.41 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। सरकार का अनुमान है कि नए वित्तीय वर्ष में कुल 1,11,703.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।
इसमें 67,525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तिया और 42,617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियां शामिल होंगी।
राजकोषीय घाटे का अनुमान
सरकार के अनुसार यह बजट कर मुक्त है और इसमें राजस्व घाटे का अनुमान नहीं लगाया गया है। हालांकि 12,579.70 करोड़ रुपये का राजकोषीय घाटा होने का अनुमान लगाया गया है।



