
उत्तराखंड। उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। बीते कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ों में कोहरे के कारण बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके चलते महीने के दूसरे सप्ताह में ही तापमान ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।
देहरादून में सामान्य से 8 डिग्री अधिक तापमान
बृहस्पतिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी गर्मी का असर दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है।
13 मार्च को भी मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में 17 मार्च तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
बदरीनाथ की चोटियों पर हुई बर्फबारी
जहां एक ओर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर बृहस्पतिवार को जमकर बर्फबारी हुई। इससे दो दिन पहले भी यहां बर्फ गिरी थी।
सुबह से मौसम बदला हुआ था। हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बदरीनाथ की ऊंची चोटियां बर्फ से ढक गईं। बर्फबारी के बाद धाम का मौसम खुशनुमा हो गया है, हालांकि ठंड में भी इजाफा हुआ है।



