दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे। राजधानी पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनका यह दौरा उत्तराखंड में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दौरे के पहले दिन केसी वेणुगोपाल जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इसके अलावा वे जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। बैठकों का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
बैठकों के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक मामले से जुड़े राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ सहित संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही पार्टी की भविष्य की राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर भी विचार-विमर्श होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि केसी वेणुगोपाल पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करेंगे तथा आगामी चुनावों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव के दौरे से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया उत्साह आएगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।



