उत्तराखंड

काशीपुर में दर्दनाक हादसा: पेट्रोल पंप के वाटर कूलर में करंट लगने से युवक की मौत

रुद्रपुर/काशीपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एक पेट्रोल पंप पर दर्दनाक हादसा हो गया। बाजपुर रोड स्थित आईजीएल गेट नंबर-6 के सामने बने पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर में कथित रूप से करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम छा गया।

 

मृतक की पहचान सर्वेश कुमार पुत्र हरिचंद निवासी ग्राम भूवरा, मसवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सर्वेश कुमार नैनी स्टोन क्रशर में कार्यरत था। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में उसने पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाया और इसके बाद हाथ-पैर धोने के लिए वहां लगे वाटर कूलर के पास गया। इसी दौरान वह कथित रूप से करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस के अनुसार मृतक विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो छोटे बेटों को छोड़ गया है। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

 

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वाटर कूलर में करंट आने की वजह क्या थी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button