
ऋषिकेश : ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र तोताघाटी के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे तक पूरी तरह अवरुद्ध रहा।
ट्रक के केबिन पर गिरा विशाल बोल्डर
जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा ट्रक तोताघाटी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर ट्रक के केबिन पर आ गिरा। बोल्डर के सीधे चालक के ऊपर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। टीम ने भारी बोल्डर और मलबा हटाने के बाद चालक के शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भेज दिया है और परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई है।
चार घंटे तक बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के चलते ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग चार घंटे तक बंद रहा। बाद में सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।
तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील ब्लैक स्पॉट माना जाता है। बरसात और खराब मौसम के दौरान यहां दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।



