
देहरादून। होली पर्व के दौरान यात्रियों को अपने घर पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने विशेष तैयारी की है। निगम ने होली के मौके पर लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। इस संबंध में मंगलवार को महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने आदेश जारी कर दिया।
27 फरवरी से 9 मार्च तक लागू रहेगी योजना
जारी आदेश के अनुसार प्रोत्साहन योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक, कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। इस अवधि में लगातार 10 दिन तक ड्यूटी करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को संचालन के आधार पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
केवल मैदानी मार्ग पर औसत 242 किमी प्रतिदिन संचालन करने पर, मिश्रित (मैदानी-पर्वतीय) मार्ग पर औसत 200 किमी प्रतिदिन, केवल पर्वतीय मार्ग पर औसत 180 किमी प्रतिदिन इन मानकों को पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1250 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
11 दिन बिना अवकाश ड्यूटी पर अधिक प्रोत्साहन
यदि कोई चालक या परिचालक बिना एक भी अवकाश लिए लगातार 11 दिन ड्यूटी करता है, तो उसे अधिक राशि मिलेगी। इसके लिए न्यूनतम संचालन मानक तय किए गए हैं, जिसमें केवल मैदानी मार्ग पर न्यूनतम 2662 किमी, मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्ग पर न्यूनतम 2200 किमी, केवल पर्वतीय मार्ग पर न्यूनतम 1980 किमी होगा । इन शर्तों को पूरा करने पर 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा
होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 300 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।जिन चालक-परिचालकों का लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
तकनीकी व अन्य कर्मचारियों को भी लाभ
डिपो कार्यशाला के तकनीकी कार्मिक, डीजल लिपिक, समय पाल, बैग-इन-आउट लिपिक, चेकिंग लिपिक, कैशियर, स्टोरकीपर, बुकिंग क्लर्क, एमएसटी और अन्य पास बनाने वाले कर्मचारी तथा आउटसोर्स कर्मियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
यदि वे एक अवकाश लेकर 10 दिन कार्य करते हैं तो उन्हें 1000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि इन 11 दिनों के दौरान किसी का साप्ताहिक अवकाश पड़ता है तो वह योजना अवधि समाप्त होने के बाद दिया जाएगा।
परिवहन निगम की इस पहल से होली पर यात्रियों को समय पर बसें उपलब्ध होने की उम्मीद है, वहीं कर्मचारियों को भी अतिरिक्त मेहनत का लाभ मिलेगा।



