
हल्द्वानी। पुलिस ने ट्रक और डंपरों की बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कबाड़ी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित उत्तर प्रदेश के बहेड़ी (बरेली) क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छह चोरी की बैटरियां बरामद की हैं।
डंपर से बैटरी चोरी की शिकायत पर खुला मामला
बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर 13, आजाद नगर निवासी जुहैब आलम ने 12 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इंदिरानगर गेट के पास पार्किंग में खड़े उनके डंपर से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। आसपास खड़े अन्य वाहनों की बैटरियां भी गायब मिलीं।
शिकायत के बाद प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कुछ संदिग्धों की पहचान हुई।
गौला बाइपास से दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौला बाइपास से विनोद कुमार पुत्र अमर सिंह, रंजीत सिंह पुत्र ख्याली राम, रंजीत सिंह पुत्र राम भरोसे निवासी ग्राम पिंडारी अशोक, थाना बहेड़ी जिला बरेली और मोहल्ला अब्बास नगर बहेड़ी निवासी कबाड़ी कारोबारी जलील अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों की कार से छह चोरी की बैटरियां बरामद की गईं।
पहले भी कर चुके हैं चोरी
बहुद्देश्यीय भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि इससे पहले भी आरोपित गौला नदी किनारे खड़े खनन वाहनों की बैटरियां चोरी कर चुके हैं। चोरी का सामान जलील कबाड़ी को बेचा जाता था। पुलिस जलील के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
तीन अन्य आरोपितों के खिलाफ बहेड़ी थाने में चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं।
अग्निवीर भर्ती में लिया था हिस्सा
पूछताछ में विनोद कुमार ने बताया कि वह अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुआ था और शुरुआती चरण पास कर चुका था। लेकिन पुलिस वेरिफिकेशन के दौरान उसके खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे का खुलासा हो गया, जिसके चलते उसे भर्ती से बाहर कर दिया गया। पुलिस उसके इस बयान की तस्दीक कर रही है।
100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले
रंजीत सिंह पुत्र ख्याली राम पहले गौला क्षेत्र में खनन वाहन चालक रह चुका है। उसे जानकारी थी कि उपखनिज निकासी के बाद चालक वाहन खड़ा कर घर चले जाते हैं, जिससे चोरी आसान हो जाती है।
आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने हल्द्वानी से पुलभट्टा तक करीब 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। जांच में पुष्टि हुई कि बहेड़ी का यह गिरोह हल्द्वानी में बैटरी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
दिल्ली से खरीदी थी कार
चोरी की बैटरियों को उत्तराखंड से बाहर ले जाने के लिए मेरठ रजिस्ट्रेशन नंबर की एक स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह कार दिल्ली से खरीदी गई थी, जिसके लिए आरोपितों ने एक लाख रुपये जुटाए थे। 15 साल से अधिक पुरानी इस कार का बीमा भी नहीं था।
गिरफ्तारी टीम में एसएसआई गगनदीप सिंह, एसआई मनोज यादव, सिपाही महबूब अली सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



