
देहरादून: थानो क्षेत्र में स्थित जामा मस्जिद के एक हिस्से को सील किए जाने के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम सेवा संगठन के आह्वान पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करने के लिए एकत्र हुए। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मुस्लिम सेवा संगठन का आरोप है कि मस्जिद के सभी आवश्यक दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मस्जिद को सील कर दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
गौरतलब है कि थानो क्षेत्र के ग्राम कण्डोगल-कुडियाल स्थित जामा मस्जिद और मदरसे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। स्थानीय लोगों, काली सेना और बजरंग दल की ओर से मस्जिद के निर्माण और वैधता को लेकर प्रशासन से शिकायत की गई थी। इसके बाद एमडीडीए ने जांच के आधार पर पहले मस्जिद के प्रथम तल को 17 दिसंबर को सील किया था, जबकि कुछ दिन पहले भूतल को भी सील कर दिया गया।
कार्रवाई के बाद काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने थानो चौक पर हवन कर प्रशासन के कदम का समर्थन किया था। इन संगठनों का आरोप है कि मस्जिद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड और मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थी। मामले की जांच के बाद ही सीलिंग की कार्रवाई की गई।
काली सेना के प्रदेश प्रमुख भूपेश जोशी ने कहा कि उनकी मांग केवल सीलिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि संबंधित ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त किया जाना चाहिए। वहीं मुस्लिम सेवा संगठन का कहना है कि मस्जिद के पक्ष में सभी वैध दस्तावेज मौजूद हैं और प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई पर पुनर्विचार करना चाहिए।



