
हल्द्वानी। हल्द्वानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मनचलों ने सरेराह करीब 20 मिनट तक एक युवती का पीछा कर दहशत फैलाई। आरोप है कि बुलेट सवार दो युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की और उसे घर छोड़ने जा रहे युवक के साथ मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर रोड निवासी पीड़िता 16 मार्च की रात अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में राजपुरा गई थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने निकला। जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, बुलेट सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि दोनों युवक सायरन बजाते हुए लगातार उनका पीछा करते रहे और जेल चौराहे के पास बाइक के आगे बुलेट अड़ा दी। इसके बाद उन्होंने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी, वहीं युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी यहीं नहीं रुके और समता आश्रम गली तक उनका पीछा करते रहे। इस दौरान पीड़ित युवक और युवती कई बार हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। किसी तरह दोनों ने एक स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शहर कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपी अजय फर्त्याल निवासी फतेहपुर और अजय थापा निवासी बड़ी मुखानी, पीलीकोठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक बाजपुर के एक स्कूल में कार्यरत है। वहीं, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अभद्रता और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



