
चारधाम यात्रा अपडेट । उत्तराखंड में अगले माह शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही पंजीकरण का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। पर्यटन विभाग के अनुसार, ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही 5.18 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं।
पर्यटन विभाग ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 मार्च से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की थी। महज एक सप्ताह में ही पंजीकरण का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया, जिससे इस साल भी यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।
केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण
पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ धाम के लिए अब तक 1,73,157 श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। वहीं बदरीनाथ धाम के लिए 1,52,478, गंगोत्री धाम के लिए 97,622 और यमुनोत्री धाम के लिए 95,606 तीर्थयात्रियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
17 अप्रैल से शुरू होगा ऑफलाइन पंजीकरण
पर्यटन विभाग के अनुसार फिलहाल यह आंकड़े केवल ऑनलाइन पंजीकरण के हैं। 17 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, नया गांव और हरबर्टपुर सहित कुल 50 केंद्रों पर ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी, जिससे बिना ऑनलाइन पंजीकरण वाले श्रद्धालु भी यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
पिछले साल भी रहा रिकॉर्ड
पिछले वर्ष चारधाम यात्रा के लिए करीब 70 लाख तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि चारों धामों में दर्शन करने वालों की वास्तविक संख्या लगभग 49 लाख रही थी। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस साल भी चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को समय रहते बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।



