उत्तराखंड

बिजली संकट के बीच बड़ी राहत, यूपीसीएल को 500 मेगावाट अतिरिक्त आपूर्ति मिली

उत्तराखंड। गर्मी की शुरुआत के साथ बढ़ते बिजली संकट के बीच उत्तराखंड के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा मध्यम अवधि के तहत खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई है। साथ ही केंद्र सरकार से अतिरिक्त बिजली मिलने का रास्ता भी साफ हो गया है।

मार्च महीने में तापमान बढ़ने के साथ ही प्रदेश में बिजली की मांग तेजी से बढ़ने लगी है, जिससे आपूर्ति पर दबाव बन गया। यूपीसीएल के ताजा आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। महीने की शुरुआत में जहां उत्पादन करीब 90 लाख यूनिट था, वह 15 मार्च तक घटकर 59 लाख यूनिट पर पहुंच गया।

35 प्रतिशत तक घटा उत्पादन

उत्पादन में लगभग 35 प्रतिशत की गिरावट ने ऊर्जा निगम की चिंता बढ़ा दी थी। इस कमी को पूरा करने के लिए यूपीसीएल को खुले बाजार से महंगी दरों पर बिजली खरीदनी पड़ रही थी।

500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू

इन परिस्थितियों के बीच यूपीसीएल द्वारा मीडियम टर्म टेंडर के तहत खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति अब शुरू हो गई है। इससे रोजाना बिजली उपलब्धता में सुधार होगा और मांग-आपूर्ति के अंतर को कम करने में मदद मिलेगी।

केंद्र से भी मिलेगी अतिरिक्त बिजली

राज्य सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने भी अतिरिक्त बिजली देने पर सहमति जताई है। इसके तहत अप्रैल महीने में 100 मेगावाट और मई में 300 मेगावाट बिजली केंद्र के गैर-आवंटित कोटे से उपलब्ध कराई जाएगी।

बढ़ती मांग बनी चुनौती

गौरतलब है कि पिछले वर्ष गर्मियों के दौरान प्रदेश में बिजली की मांग प्रतिदिन 6 करोड़ यूनिट से अधिक पहुंच गई थी। इस बार भी मांग बढ़ने के आसार हैं, ऐसे में अतिरिक्त बिजली की व्यवस्था को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button