उत्तराखंड

सहेली की मेहंदी में गई 10वीं की छात्रा से भाजपा नेता समेत तीन ने किया सामूहिक दुष्कर्म

चंपावत |उत्तराखंड के चंपावत जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक जघन्य घटना सामने आई है। यहाँ एक 10वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि सहेली की मेहंदी रस्म में शामिल होने गई छात्रा के साथ भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष व पूर्व प्रधान ने अपने भतीजे और एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस क्रूर वारदात को अंजाम दिया।

क्रूरता की हदें पार: निर्वस्त्र कर कमरे में लगाया ताला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने जब घटना के बाद अपने परिजनों को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने न केवल उसका मोबाइल छीन लिया बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी; आरोपियों ने छात्रा के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसे निर्वस्त्र हालत में कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।

112 की सूचना पर पुलिस ने किया रेस्क्यू

पीड़िता के पिता को रात करीब डेढ़ बजे बेटी की एक कॉल आई, जो तुरंत कट गई। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ‘112’ के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर लोकेशन ट्रेस की और एक बंद कमरे से छात्रा को बदहवास हालत में बरामद किया।

घर की इकलौती कमाऊ सदस्य है छात्रा

पीड़िता की कहानी संघर्षों से भरी है। 10वीं में पढ़ने वाली यह छात्रा चंपावत में एक दुकान पर आइसक्रीम बेचकर अपने घर का खर्च चलाती है। वह न केवल अपनी पढ़ाई का बोझ उठा रही है, बल्कि अपने 70 वर्षीय बीमार पिता का इलाज भी कराती है। पिता ने रुआंसे गले से बताया कि 52 वर्ष की आयु में वह पिता बने थे और बेटी के 6 माह के होने पर उसकी मां का देहांत हो गया था। तब से उन्होंने ही उसे पाला-पोसा है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस अधीक्षक चंपावत, रेखा यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है:

विनोद सिंह रावत (प्रतियोगी परीक्षा का छात्र)

नवीन सिंह (डेयरी संचालक)

पूरन सिंह रावत (पूर्व प्रधान एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष)

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2) (सामूहिक दुष्कर्म), 127(2), 351(2) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 5/G6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक, चंपावत ने कहा कि “घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और सीडब्ल्यूसी (CWC) के समक्ष उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button