उत्तराखंडशिक्षा

प्राथमिक विद्यालय में छात्रों से सफाई का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

हरिद्वार। जिले के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं से साफ-सफाई कराए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वीडियो कोतवाली क्षेत्र के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-34 का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में छात्राएं स्कूल परिसर और कक्षाओं में झाड़ू लगाती नजर आ रही हैं। वहीं, कुछ महिला शिक्षिकाएं भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने दावा किया है कि छात्राओं से शौचालय की सफाई भी कराई गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छह फरवरी का बताया जा रहा है वीडियो

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वीडियो छह फरवरी का बताया जा रहा है। उस दिन जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसके तहत विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों ने सफाई अभियान में भाग लिया था। इसी दौरान किसी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जांच के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित कुमार ने जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों से जानकारी ली जा रही है। यदि जांच में यह पाया जाता है कि बच्चों से जबरन सफाई करवाई गई या वर्तमान समय का मामला है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल शिक्षा विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button