
देहरादून। आगामी जनगणना की तैयारियों के तहत प्रदेश में भवनों की स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 33 आसान सवालों के जवाब देकर अपनी स्व-गणना दर्ज कर सकते हैं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने की। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शाम पांच बजे स्वयं अपनी स्व-गणना करेंगे।
10 से 25 अप्रैल तक मिलेगा अवसर
जनगणना निदेशालय के अनुसार, यह प्रक्रिया 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने भवन और परिवार से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना पूरी करने के बाद नागरिकों को एक SE ID (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी, जिसे जनगणना कर्मियों को सत्यापन के समय देना होगा। इसके आधार पर प्रगणक डेटा को अपने सिस्टम में अपडेट और अंतिम रूप देंगे।
25 अप्रैल से घर-घर सत्यापन
निदेशालय के अनुसार, प्रगणक 25 अप्रैल से 24 मई के बीच घर-घर जाकर पहले से भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे और अंतिम एंट्री सुनिश्चित करेंगे।
स्व-गणना में पूछे जाएंगे 33 सवाल
इस प्रक्रिया में नागरिकों को अपने घर और परिवार से संबंधित कुल 33 सवालों का जवाब देना होगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत में प्रयुक्त सामग्री)
मकान का उपयोग और स्थिति
परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया की जानकारी
पेयजल, बिजली, शौचालय और स्नानघर की उपलब्धता
रसोईघर, एलपीजी/पीएनजी सुविधा
रेडियो, टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं
वाहन और परिवहन साधन
रोजगार और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी
प्रशासन की अपील
जनगणना निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते स्व-गणना पूरी करें ताकि घर-घर सर्वे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और डेटा संग्रहण की प्रक्रिया तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरी हो सके।



