उत्तराखंडदेहरादून

वनाग्नि नियंत्रण के लिए राज्यव्यापी मॉक ड्रिल, SDRF की टीमों ने किया प्रभावी अभ्यास

देहरादून।उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार आगामी महीनों में संभावित वनाग्नि की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए राज्यभर में वनाग्नि नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने और सुदृढ़ करने हेतु राज्यव्यापी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास प्रदेश के विभिन्न वनाग्नि-संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया, जिससे वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित, संगठित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान SDRF की टीमों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। निर्धारित परिदृश्य के अनुसार SDRF टीमों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर फायर-लाइन निर्माण, आग पर नियंत्रण, सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन तथा प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्यवाही का व्यावहारिक अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान घायलों को चिन्हित कर तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रभावी प्रदर्शन किया गया।

इस राज्यव्यापी अभ्यास में वन विभाग, जिला पुलिस, होमगार्ड, चिकित्सा विभाग एवं स्थानीय प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई। अभ्यास के माध्यम से विभागों के मध्य समन्वय, संसाधन प्रबंधन, संचार व्यवस्था तथा त्वरित निर्णय प्रक्रिया का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप परीक्षण किया गया।

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमों द्वारा अनुशासित एवं तत्परता के साथ प्रतिभाग करते हुए यह संदेश दिया गया कि SDRF राज्य में किसी भी वनाग्नि आपदा से निपटने हेतु पूरी तरह सक्षम, प्रशिक्षित एवं तैयार है।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य वनाग्नि जैसी आपदाओं के दौरान मानव जीवन, वन संपदा एवं पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा सभी विभागों की संयुक्त कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। अभ्यास से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर भविष्य में वास्तविक आपदा की स्थिति में और अधिक सशक्त, समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button