
चारधाम यात्रा। आगामी चारधाम यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को बड़ा झटका लग सकता है। बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा के शुल्क में बढ़ोतरी की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा, जहां इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। सामान्य दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता, लेकिन विशेष पूजाओं के लिए निर्धारित शुल्क लागू रहता है।
केदारनाथ धाम में वर्तमान शुल्क
केदारनाथ में रुद्राभिषेक पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं से 7200 रुपये, अभिषेक पूजा के लिए 9500 रुपये, लघु रुद्राभिषेक के लिए 6100 रुपये, षोडशोपचार पूजा के लिए 5500 रुपये और अष्टोपचार पूजा के लिए 950 रुपये निर्धारित हैं। वहीं, पूरे दिन की पूजा के लिए 28,600 रुपये शुल्क लिया जाता है।
बदरीनाथ धाम में वर्तमान शुल्क
बदरीनाथ में महाभिषेक पूजा के लिए प्रति यात्री 4700 रुपये, अभिषेक पूजा के लिए 4500 रुपये, पूरे दिन की पूजा के लिए 12,000 रुपये और श्रीमद भागवत पाठ के लिए 51,000 रुपये शुल्क तय है।
सूत्रों के अनुसार, बीकेटीसी ने पिछले कई वर्षों से विशेष पूजा शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की है। हालांकि, धामों में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं के विस्तार को देखते हुए शुल्क में संशोधन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आगामी बोर्ड बैठक में विशेष पूजा शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी और निर्णय लिया जा सकता है। यदि प्रस्ताव पारित होता है तो आगामी चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को विशेष पूजा के लिए अधिक राशि अदा करनी पड़ सकती है।
चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति पहले से ही तैयारियों में जुटी हुई है। ऐसे में श्रद्धालु अब बोर्ड बैठक के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।



