
देहरादून। चुनाव आयोग द्वारा अप्रैल में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पार्टी ने 15 मार्च को देहरादून में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें सभी विधायक और प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
केंद्रीय नेतृत्व के नेता भी होंगे शामिल
इस बैठक में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से भी किसी वरिष्ठ नेता के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और सभी भाजपा विधायक बैठक में मौजूद रहेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य एसआईआर को लेकर पार्टी की रणनीति तय करना और इसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना है।
बीएलओ मैपिंग का 82 प्रतिशत काम पूरा
उधर चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। आयोग के अनुसार बीएलओ (Booth Level Officer) मैपिंग का 82 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद अब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
बूथ स्तर तक मजबूत की जाएगी पकड़
भाजपा इस अभियान के जरिए मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच और पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति बना रही है। संगठन की ओर से बूथ लेवल एजेंट (BLA-1 और BLA-2) पहले ही नियुक्त किए जा चुके हैं।
प्रदेश स्तर के नेताओं की निगरानी में एसआईआर से जुड़े सभी कार्य बूथ स्तर तक किए जाएंगे। इसके लिए बीएलए के अलावा अन्य सहायक कार्यकर्ता भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।



