शराब पिलाकर तकिये से दबाया मुंह, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

देहरादून: देहरादून में सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी जैकी उर्फ राजन अपने साथी नीरज को बहाने से घर के बाहर बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह घर के अंदर पहुंचा, जहां हुमेरा उर्फ जोया की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर काफी शराब पिलाई गई। जब अजय नशे की हालत में हो गया तो आरोपी ने तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी।
जांच में सामने आया कि अधिक नशे की वजह से अजय ज्यादा विरोध नहीं कर पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को पंखे से लटकाकर मामले को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में वह अपने मकसद में सफल नहीं हो पाया।
घटना के दौरान आरोपी की नजर कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। पकड़े जाने के डर से वह कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया। वारदात के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि वह सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और अवैध वसूली समेत करीब दो दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
जैकी उर्फ राजन
फरार आरोपी
अमित बटेजा
हुमेरा उर्फ जोया
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली और अन्य जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, अवैध वसूली और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी की अवैध संपत्ति भी पूर्व में कुर्क की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।



