
देहरादून। श्री झंडा जी मेला 2026 के अंतर्गत 10 मार्च को होने वाली नगर परिक्रमा को देखते हुए देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। नगर परिक्रमा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
नगर परिक्रमा का रूट
नगर परिक्रमा दरबार साहिब परिसर से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, बिंदाल कट, घंटाघर, पल्टन बाजार, लक्खीबाग, सहारनपुर चौक, बॉम्बे बाग, समाधि स्थल होते हुए वापस सहारनपुर चौक से दरबार साहिब पहुंचेगी।
डायवर्जन प्लान
नगर परिक्रमा के सहारनपुर चौक पहुंचने पर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर कोई भी यातायात नहीं आएगा। पटेलनगर मंडी से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस की ओर भेजा जाएगा, जबकि बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को बल्लूपुर और जीएमएस रोड की ओर तथा लक्ष्मण चौक से आने वाले यातायात को पार्क रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नगर परिक्रमा के तिलक रोड पहुंचने पर बिंदाल चौक से तिलक रोड की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं बिंदाल चौक से घंटाघर तक सड़क को दो हिस्सों में बांटकर एक तरफ शोभायात्रा और दूसरी ओर यातायात का संचालन किया जाएगा।
नगर परिक्रमा के घंटाघर पहुंचने पर दर्शनलाल चौक से घंटाघर की ओर जाने वाले वाहनों को लैन्सडाउन चौक और ओरियंट चौक से आने वाले यातायात को कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। नगर परिक्रमा के पल्टन बाजार पहुंचने के बाद सभी डायवर्जन प्वाइंट पर यातायात को सामान्य कर दिया जाएगा।
इसके अलावा सहारनपुर चौक से कांवली रोड और झंडा साहिब की ओर किसी भी वाहन को नहीं भेजा जाएगा। नगर परिक्रमा के दौरान गऊघाट कट और अन्य स्थानों पर भी यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
बैरियर और डायवर्जन प्वाइंट
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, दर्शनलाल चौक, ओरियंट चौक, बल्लूपुर चौक और बिंदाल कट पर बैरियर लगाए जाएंगे।
पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि नगर परिक्रमा के दौरान इन मार्गों का प्रयोग करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



