
देहरादून। 02 अप्रैल 2026 को श्री बालाजी महाराज शोभायात्रा के आयोजन को लेकर शहर में विशेष यातायात और डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होगी और निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः वहीं संपन्न होगी।
शोभायात्रा का रूट
शिवाजी धर्मशाला – सहारनपुर चौक – झंडा बाजार – रामलीला बाजार – धामावाला – पलटन बाजार – हनुमान मंदिर – चकराता रोड – बिंदाल चौक – तिलक रोड – भंडारी चौक – सहारनपुर चौक – शिवाजी धर्मशाला।
यातायात व्यवस्था और डायवर्जन प्लान
शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करते ही निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रिंस चौक रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार रोक-रोक कर छोड़ा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पूर्व बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से किसी भी वाहन को सहारनपुर चौक की ओर नहीं आने दिया जाएगा। बल्लीवाला से वाहनों को कमला पैलेस की ओर तथा लक्ष्मण चौक से पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से झंडा बाजार में प्रवेश करने के बाद सहारनपुर चौक की स्थिति सामान्य होने पर डायवर्जन व्यवस्था हटाई जाएगी।
घंटाघर से बिंदाल की ओर बढ़ने के दौरान शोभायात्रा सड़क के आधे हिस्से का उपयोग करेगी और साथ-साथ यातायात भी चलता रहेगा। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो राजपुर से बिंदाल जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। दर्शनलाल चौक से चकराता रोड की ओर जाने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर मोड़ा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से शिवाजी धर्मशाला पहुंचने पर प्रिंस चौक से लालपुल जाने वाले ट्रैफिक को आवश्यकता अनुसार गऊ घाट कट से मातावाला बाग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
महत्वपूर्ण निर्देश
आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को नहीं रोका जाएगा। देहरादून की जनता से अपील की गई है कि शोभायात्रा मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग करें। यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।



