
देहरादून। उत्तराखंड में मई के महीने में गर्मी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मैदानी जिलों में चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हरिद्वार और पंतनगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि राजधानी देहरादून में भी पारा 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया।
देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों के लिए हीट वेव का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, अगले एक से दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। हरिद्वार और देहरादून के साथ उत्तरकाशी के सीमावर्ती मैदानी क्षेत्रों में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।
दिन के साथ रातें भी गर्म
गर्मी का असर सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि रात के तापमान पर भी दिख रहा है। देहरादून में न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री, हरिद्वार में 24.5 डिग्री, पंतनगर में 23.9 डिग्री, मुक्तेश्वर में 15.2 डिग्री और नई टिहरी में 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे लोगों को 24 घंटे गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
हालांकि, राहत की खबर यह है कि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मसूरी में बढ़ी पर्यटकों की भीड़
मैदानी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के बीच पर्यटक बड़ी संख्या में मसूरी का रुख कर रहे हैं। ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए मालरोड और व्यू प्वाइंट पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। कुलड़ी क्षेत्र स्थित एक्सचेंज बिल्डिंग के पास बने व्यू प्वाइंट पर शाम के समय बड़ी संख्या में लोग दून घाटी का विहंगम दृश्य देखने पहुंच रहे हैं।
थार की गर्म हवाओं का असर
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान के थार मरुस्थल से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं ने वातावरण की नमी को कम कर दिया है। इसी कारण तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।



