उत्तराखंड

बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से वीडियो बना रहा युवक पकड़ा गया, पुलिस ने की कार्रवाई

बदरीनाथ/चमोली: बदरीनाथ धाम की सुरक्षा, गोपनीयता और धार्मिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में मंदिर के गर्भगृह में स्पाई कैमरे से अवैध रूप से वीडियो और फोटो रिकॉर्डिंग कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया।

स्पाई कैमरे से कर रहा था रिकॉर्डिंग

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जयप्रकाश पांडे, निवासी नोहर रोड, मुंबई के रूप में हुई। बताया गया कि वह बदरीनाथ मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह क्षेत्र में स्पाई कैमरे के जरिए वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर रहा था, जो मंदिर प्रशासन के नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।

पुलिस ने किया चालान, वीडियो भी कराए डिलीट

मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही मंदिर की गोपनीयता और धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए उसके मोबाइल और स्पाई कैमरे में मौजूद सभी अवैध वीडियो एवं फोटो तत्काल डिलीट कराए गए।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button