
देहरादून : देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से हुई मौत के मामले में दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि घटना में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सुबह 6:50 बजे मिली थी फायरिंग की सूचना
डोबाल ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर 112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना राजपुर क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास दो वाहनों के बीच रोडरेज और फायरिंग की घटना हुई है। सूचना मिलते ही एसओ राजपुर, चौकी प्रभारी, एसपी सिटी और स्वयं एसएसपी मौके पर पहुंचे।
फायरिंग की घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
फॉर्च्यूनर सवार युवकों पर हुआ शक
पुलिस के अनुसार, ब्रिगेडियर अपने साथियों के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। उसी दौरान दो गाड़ियों में सवार युवक आपस में फायरिंग कर रहे थे और इसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद जब फॉर्च्यूनर में सवार लोगों से पूछताछ की गई तो उनकी कहानी संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।
बार में बिल को लेकर हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले रात में कुठाल गेट स्थित ZEN – Z Club में बिल के अधिक पैसे को लेकर क्लब मालिक, मैनेजर और कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी।
बताया गया कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष ने सुबह तक इंतजार किया। जब क्लब बंद कर कर्मचारी जा रहे थे, तभी रोडरेज के दौरान फायरिंग की घटना हुई।
चार गिरफ्तार, अन्य फरार
एसएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों को दोषी माना गया है। अब तक क्लब मालिक संदीप समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दूसरे पक्ष से आदित्य चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। संबंधित क्लब को सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



