
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई सामान्य अभियान नहीं है, बल्कि देश की बेटियों और मातृशक्ति के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अभियान की शुरुआत कर यह सिद्ध किया है कि नारी सम्मान और सुरक्षा उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल और दृढ़ संकल्प है।
सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर चुनौती
सीएम धामी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर आज देश की महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यह हजारों परिवारों के लिए असहनीय पीड़ा का कारण बन रहा है। इसी गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, ताकि इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित व स्वस्थ भविष्य दिया जा सके।
155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था
उत्तराखंड में अभियान के पहले चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि कोल्ड चेन व्यवस्था मजबूत रहे और टीकाकरण सुचारू रूप से संचालित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान सात बालिकाओं को टीका लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में तीनपानी निवासी हाईस्कूल छात्रा खुशबू पंत को सबसे पहले टीका लगाया गया।
नैनीताल जिले की 40 योजनाओं का शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले से संबंधित 40 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया। इनमें हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल पुनर्गठन योजना का शिलान्यास प्रमुख रहा।
सरकार का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से राज्य की बालिकाओं और महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जाए और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मजबूत आधार तैयार किया जाए।



