
गैरसैंण: भराड़ीसैंण में 9 से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट चार्ट जारी किया है। सत्र के दौरान क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, वीआईपी व्यक्तियों, अधिकारियों और आम जनता की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह ने बताया कि बजट सत्र के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके तहत 9 से 13 मार्च तक गैरसैंण-भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान गैरसैंण से भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र के बीच भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि गढ़वाल से कुमाऊं की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को कर्णप्रयाग-सिमली-ग्वालदम मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं, जिन लोगों को गैरसैंण क्षेत्र में सामान पहुंचाना है, वे अपने मालवाहक वाहन रात 8 बजे के बाद ही क्षेत्र में ला सकेंगे।
पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि बजट सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।



