उत्तराखंड

हरिद्वार में बारिश का कहर: रेलवे स्टेशन के बाहर गिरा विशाल पेड़, सीतापुर फाटक हुआ क्षतिग्रस्त

हरिद्वार: भारी बारिश के बीच हरिद्वार में अलग-अलग स्थानों पर कई घटनाएं सामने आईं। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर रात में एक विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर यात्रियों की भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ समय के लिए आसपास अंधेरा छा गया।

ज्वालापुर रेलवे स्टेशन के बाहर आमतौर पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। शाम के समय यहां काफी भीड़ होती है, लेकिन घटना के वक्त मौके पर लोग नहीं होने के कारण किसी के पेड़ की चपेट में आने की सूचना नहीं है। पेड़ गिरने की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पेड़ को काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में अलग किया। इसके बाद उसे रास्ते से हटाने की कार्रवाई की गई। बिजली की तारें क्षतिग्रस्त होने से कुछ समय तक व्यवस्था प्रभावित रही।

वहीं रविवार शाम सीतापुर रेलवे फाटक पर एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त फाटक की मरम्मत की। इसके बाद वाहनों की आवाजाही दोबारा सुचारु हो सकी।

उधर, भारी बारिश के कारण कुशा घाट के पास स्थित बिजलीघर के कार्यालय की छत भी टपकने लगी। छत से पानी कार्यालय के अंदर आने के कारण वहां काम कर रहे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों में इसे लेकर आक्रोश भी देखने को मिला।

कर्मचारियों का आरोप है कि बिजलीघर के कार्यालय भवन की छत कई वर्षों से जर्जर हालत में है और हर बारिश में पानी टपकने लगता है। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक छत की मरम्मत नहीं कराई गई। कर्मचारियों ने जर्जर छत की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button