राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, कांग्रेस ने बनाया कंट्रोल रूम, कुमारी शैलजा ने संभाली कमान

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। 4 और 5 जून को होने वाले दो दिवसीय दौरे की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रमों की निगरानी के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा स्वयं देहरादून पहुंच गई हैं और अल्मोड़ा, पौड़ी तथा देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम राहुल गांधी के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के सभी कार्यक्रमों पर नजर रखेगा। पार्टी ने इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। कंट्रोल रूम के माध्यम से कार्यक्रमों से जुड़ी सूचनाएं, समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और इसे सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पौड़ी के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। वहीं देहरादून में जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा उत्तराखंड के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाते रहे हैं और राज्य की जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा भरने का काम करेगा।
कुमारी शैलजा ने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के दौरे से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में पैदा होने वाला उत्साह आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए लाभदायक साबित होगा। कांग्रेस पार्टी इस दौरे को लेकर पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटी हुई है और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।



