राहुल गांधी पौड़ी से करेंगे चुनावी शंखनाद, पूर्व सैनिकों से संवाद आज

पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को पौड़ी गढ़वाल से उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के तहत राहुल गांधी पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन के साथ ही प्रशासन और पुलिस ने भी व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक घंटे तक पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक लखपत बुटोला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा ऐतिहासिक महत्व भी रखता है। पौड़ी गढ़वाल का कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से पुराना संबंध रहा है। पंडित जवाहरलाल नेहरू वर्ष 1938 और 1944 में पौड़ी पहुंचे थे और रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी चार बार पौड़ी आईं, जबकि राजीव गांधी ने भी यहां चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।
दौरे को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधिकारियों और राहुल गांधी की सुरक्षा टीम ने वीआईपी रूट, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की समीक्षा की।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी कोटद्वार के दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा उनके जिम की सदस्यता लेने की भी चर्चा है, हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। राहुल गांधी का रात्रि प्रवास मसूरी में प्रस्तावित है।
राहुल गांधी पहले दिल्ली से विशेष विमान के जरिए पंतनगर पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा रवाना होंगे, जहां जनसभा को संबोधित करने के बाद पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे।



