उत्तराखंड

देहरादून पहुंचते ही राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचते ही सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने अमर मेहता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राहुल गांधी ने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

 

इस दौरान राहुल गांधी के साथ उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधायक राजकुमार, कांग्रेस नेता मोहन काला, कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

कांग्रेस नेता मोहन काला ने बताया कि राहुल गांधी ने अमर मेहता के परिवार को आश्वस्त किया कि पूरा कांग्रेस परिवार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

 

कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुआ था हादसा

 

गौरतलब है कि गुरुवार को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक हादसे में कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मंच की तैयारी के दौरान लोहे का एक गार्डर उनके सिर पर गिर गया था। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

 

रणनीतिक बैठक के बाद छात्रों से करेंगे संवाद

 

अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी मसूरी रोड स्थित एक होटल के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी चुनावों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर बैठक की। इसके बाद वह बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक समेत युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button