
देहरादून | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान वह पहली बार देवभूमि में रोड शो करेंगे, जो भव्य होगा। करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबे रोड शो में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य और पारंपरिक संगीत के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर लोग अपनी संस्कृति के माध्यम से उनका अभिनंदन करेंगे।
दो घंटे देहरादून में रहेंगे मोदी
प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे यूपी के गणेशपुर जाएंगे। इसके बाद करीब 12 बजे मां डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे। फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनका वापस लौटने का कार्यक्रम है। भाजपा के अनुसार, इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
सीएम योगी ने परखी तैयारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री के आगमन से लगभग 20 घंटे पहले योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव पहुंचे। यहीं से प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे में शामिल मोहंड (उत्तर प्रदेश) में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे, जिसे एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बताया जा रहा है।
इस कॉरिडोर को इस तरह तैयार किया गया है कि ऊपर से वाहन गुजरेंगे और नीचे वन्य जीवों की आवाजाही जारी रहेगी। वन्य जीवों को वाहनों की आवाज से बचाने के लिए साउंड प्रूफ शीट भी लगाई गई हैं।
सीएम धामी ने किया निरीक्षण
पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित हों। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।



