
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम को देखते हुए शहर स्थित माँ डाट काली मंदिर में सुरक्षा कारणों से भक्तों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। रविवार शाम पांच बजे से मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया है।
मंदिर समिति के अनुसार, मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब दो दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पूरी तरह बंद किया गया है। अब भक्त 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।
तैयारियां जोरों पर
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के सिलसिले में प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसी को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारी की जा रही है।
रविवार को मंदिर में आयोजित बैठक में महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र शुभम गोस्वामी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार ने भी पुष्टि की कि सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
आज योगी आदित्यनाथ करेंगे दर्शन
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ भी सोमवार को मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह अपराह्न 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचेंगे, वहां से निरीक्षण करते हुए शाम चार बजे मंदिर पहुंचेंगे। दर्शन-पूजन के बाद 4:15 बजे प्रस्थान करेंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है और निर्धारित समय के बाद ही मंदिर पहुंचने का अनुरोध किया है।


