
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे से ठीक पहले राजधानी में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत प्रेमनगर क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से पाकिस्तान में बैठे आकाओं को दून के सैन्य और सरकारी प्रतिष्ठानों की लोकेशन व वीडियो भेज रहा था।
पाकिस्तान स्थित नेटवर्क से संपर्क
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपित विक्रांत कश्यप (29), निवासी झाझरा, प्रेमनगर के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि उसके संपर्क पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी राणा से थे। आरोपित इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संपर्क में था और उनके निर्देश पर शहर के संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहा था।

संवेदनशील प्रतिष्ठानों की भेजी जानकारी
एसटीएफ के अनुसार आरोपित ने आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो फुटेज और लोकेशन पाकिस्तान भेजी। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपित को “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान” के नाम से शहर की दीवारों पर स्प्रे पेंट कर दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। उसने कई स्थानों पर पेंटिंग कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग अपने हैंडलर्स को भेजी।
नेपाल के रास्ते विदेश भेजने का लालच
एसटीएफ के मुताबिक आरोपित को नेपाल के रास्ते दुबई भेजने और बदले में धनराशि देने का लालच दिया गया था। उसके मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
मोदी दौरे से पहले कड़ी सुरक्षा
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। संवेदनशील स्थलों, कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस, खुफिया इकाइयों और केंद्रीय एजेंसियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस गिरफ्तारी के बाद शहर के प्रवेश मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सरकारी परिसरों में चेकिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पुराने इनपुट भी खंगाल रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



