
चंपावत। जिला मुख्यालय के गोरल चौड़ मैदान में शनिवार को आयोजित खेलकूद अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) के अभ्यास के दौरान फेंका गया भाला पास में फुटबॉल खेल रहे एक पॉलिटेक्निक छात्र को लग गया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
अभ्यास के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक चंपावत में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही थीं। पहले दिन ही गोरल चौड़ मैदान में छात्र अभ्यास कर रहे थे, जहां कुछ छात्र फुटबॉल और कुछ जैवलिन थ्रो का अभ्यास कर रहे थे।
इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे छात्र का भाला फुटबॉल खेल रहे 20 वर्षीय छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा।
गर्दन के पास लगा भाला, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाला कंधे और गर्दन के बीच हिस्से में गहराई तक धंस गया। घायल छात्र को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीएमएस एचएस ह्यांकी के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव और ऑक्सीजन सप्लाई रुकने की संभावना से छात्र की मौत हुई।
बिना प्रशिक्षक के चल रही थी प्रतियोगिता
बताया जा रहा है कि कॉलेज में कोई स्पोर्ट्स टीचर तैनात नहीं है और वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं बिना विशेषज्ञ निगरानी के आयोजित की जा रही थीं। घटना ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छात्र की पृष्ठभूमि
मृतक छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा रीठा साहिब के मछियाड गांव के निवासी थे और पढ़ाई के लिए चंपावत में अपनी बुआ के यहां रह रहे थे। उनके पिता गुजरात में नौकरी करते हैं और घटना की जानकारी मिलते ही वह रवाना हो चुके हैं।
प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं, हालांकि कॉलेज प्राचार्य से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।



