
देहरादून: देहरादून में बुधवार देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 149 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया और करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही 67 वाहनों को सीज किया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शहर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहरभर में पुलिस टीमों को तैनात कर सघन चेकिंग की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान 70 लोगों को अलग से हिरासत में लिया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 143 वाहन चालकों से 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि 157 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना सत्यापन प्रतिष्ठानों में कर्मचारी रखने और किरायेदार रखने के मामलों में तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी की ओर से हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी गई कि पढ़ाई की आड़ में किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



