केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हादसा, पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक की मौत

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग स्थित हनुमान मंदिर के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने की दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद यात्रा मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने की चपेट में दो लोग आ गए। इनमें एक नेपाली मूल का व्यक्ति और एक स्थानीय निवासी शामिल बताया जा रहा है। घटना में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर संचालित दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सतर्कता बरतने और जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।



