
देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नर्स ने कथित रूप से ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव उसके घर में पंखे से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका पिछले चार वर्षों से देहरादून में रह रही थी और एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। उसका पति बाहर नौकरी करता है, जबकि वह बच्चों के साथ देहरादून में अकेली रहती थी।
ITBP जवान पर गंभीर आरोप
मृतका के भाई ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि करीब 6 महीने पहले उसकी बहन की मुलाकात राजबीर नामक व्यक्ति से हुई थी, जो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में तैनात है।
आरोप है कि उक्त जवान महिला पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने मना किया तो उसने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना बसंत विहार थाना के प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला ने 18 मार्च को आत्महत्या की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।



