उत्तराखंड

NEET पुनर्परीक्षा देने वाले छात्रों को उत्तराखंड में मिलेगी फ्री बस यात्रा, सरकार जल्द जारी करेगी आदेश

देहरादून: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (NEET) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखंड सरकार ने बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इसके तहत छात्र परीक्षा केंद्र तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इस संबंध में जल्द ही शासनादेश जारी किया जाएगा।

 

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने जिलाधिकारियों के साथ परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। साथ ही परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और पेपर लीक मुक्त कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

सुरक्षा व्यवस्था होगी और कड़ी

 

बैठक में अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राज्य प्रशासन और संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर परीक्षा के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा

 

मुख्य सचिव ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। सभी जिलों में आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने छात्रों से की अपील

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने छात्रों से परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

 

उन्होंने बताया कि राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्य सचिवों, डीजीपी, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ लगातार समीक्षा बैठकें की जा रही हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) भी परीक्षा की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।

 

551 शहरों में होगी परीक्षा

 

जानकारी के अनुसार, 21 जून को होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा देशभर के 551 शहरों में 5,435 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें भारत के बाहर स्थित 14 परीक्षा केंद्र भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई के लिए भारतीय वायु सेना की मदद लेने की भी तैयारी की जा रही है।

 

सरकार का दावा है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button