
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस ने कड़ा पलटवार किया है। कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई यह साबित कर दे कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर कोई बयान दिया था, तो वे राजनीति छोड़ देंगे।
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2002 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद शैक्षणिक संस्थानों को नियमों के तहत भूमि लीज पर दी गई थी, जैसा कि हर सरकार करती रही है। लेकिन जब अडानी और अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को जमीन दी जाती है, तब कोई सवाल नहीं उठाता।
डाकपत्थर और जॉर्ज एवरेस्ट में जमीन सौदे पर गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डाकपत्थर में कौड़ियों के दाम पर जमीन बेची गई, वहीं मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र में अरबों की संपत्ति को बेहद सस्ते दामों में दे दिया गया, जिसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाजपा के पास मुद्दों का अभाव: कांग्रेस
प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के पास आगामी चुनावों के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह मुस्लिम यूनिवर्सिटी जैसे संवेदनशील विषयों को उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है और सही समय पर इसका जवाब देगी।



