
ज्योतिर्मठ: नगर क्षेत्र ज्योतिर्मठ में नगर पालिका भवन में नमाज अदा करने के मामले को प्रशासन ने सुलझा लिया है। नगर पालिका ने संबंधित भवन को बंद कर दिया है और मुस्लिम समुदाय ने घरों पर नमाज पढ़ने पर सहमति जताई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा मामला
बृहस्पतिवार को नगर पालिका भवन में नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद कुछ संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन से शिकायत की। मामला बढ़ने पर नगर पालिका बोर्ड की देर शाम बैठक बुलाई गई, जिसमें भवन पर ताला लगाने का निर्णय लिया गया।
बिना लिखित अनुमति के उपयोग
एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हॉल के उपयोग के लिए विधिवत लिखित अनुमति नहीं ली गई थी। इसके चलते भवन को फिलहाल बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर में शांति व्यवस्था कायम है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
सत्यापन के निर्देश
प्रशासन ने ज्योतिर्मठ थाने को नगर क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी एजेंसी के कर्मचारी बिना सत्यापन के पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निजी आवास पर पढ़ी गई जुमे की नमाज
विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवास पर अदा की गई। स्थानीय निवासी इफ्तेखार मलिक ने बताया कि समुदाय के लोग लंबे समय से यहां रह रहे हैं और पूर्व में भी हॉल में नमाज पढ़ी जाती रही है। इस बार लिखित अनुमति नहीं होने के कारण विवाद हुआ।
सलीम राजा ने कहा कि इस घटनाक्रम से आपसी भाईचारे पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में पूरी तरह शांति है और सभी पक्षों की सहमति से मामला सुलझा लिया गया है।



