
उत्तराखंड मौसम । उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शनिवार को मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।
मैदान से पहाड़ तक बढ़ा तापमान
शुक्रवार को प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय दोनों इलाकों में तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली।
19 मार्च तक बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग का अनुमान है कि 19 मार्च तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है।



