उत्तराखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 7 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता बढ़ने लगी है। तीन दिन की देरी से देश में प्रवेश करने के बाद मानसून का असर अब पहाड़ी राज्य में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून समेत सात जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
गुरुवार शाम प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी देहरादून समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिन में चिलचिलाती धूप के कारण देहरादून का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन शाम की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।
पर्यटन नगरी मसूरी में भी झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। शाम के समय हुई बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। माल रोड पर घूम रहे पर्यटकों को बारिश से बचने के लिए दुकानों और होटलों का रुख करना पड़ा।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक जलभराव जैसी स्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
आपदा की स्थिति में सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 9286459167 और 9286477117 जारी किए गए हैं, जिन पर शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।



