उत्तराखंड

उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मैदानी इलाकों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 मई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इन जिलों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव का असर खासतौर पर पर्वतीय इलाकों के तापमान पर देखने को मिलेगा, जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के बाद प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लगातार बढ़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button